शाजापुर। सावन माह में भगवान भोलेशंकर को मनाने के लिए शिवालयों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। वहीं सोमवार को मंदिरों में अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। इसीके साथ परंपरानुसार महादेव रथ में सवार होकर भक्तों को दर्शन देकर धन्य कर रहे हैं। सावन माह के चौथे सोमवार को भी सुबह से लेकर रात तक शिव मंदिरों में महादेव के अभिषेक पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इसीके साथ परंपरानुसार धानमंडी चौराहा स्थित शिव मंदिर से भगवान ओंकारेश्वर महादेव की सवारी निकाली गई। सवारी शाम 5.30 बजे महाआरती के बाद शुरू हुई। इस दौरान महादेव रथ में सवार होकर भक्तों के द्वार पहुंचे जहां उनका विधि-विधान के साथ पूजन किया गया। प्रमुख मार्गों से होते हुए सवारी देररात पुनरू मंदिर पहुंची जहां महाआरती के बाद प्रसादी का वितरण किया गया।
बाबा का हुआ श्रंगार
उल्लेखनीय है कि हिंदू धर्मावलंबियों के सोमवार सुबह की शुरूआत शिव आराधना के साथ हुई। बड़ी संख्या में महिला और पुरूष शहर के शिव मंदिरों में पहुंचे और महादेव का जल, दूध, शहद, दही आदि से अभिषेक किया। इसके साथ ही बिल पत्र, धतुरा चढ़ाकर मंगलकामनाएं की। साथ ही श्रद्धालुओं ने महादेव मंदिर में भोलेनाथ का भात और भांग से मनोहारी श्रंगार भी किया। इसी कड़ी में ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में महादेव का आकर्षक श्रंगार किया गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें