शाजापुर। महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना देश और समाज के विकास की कल्पना नही की जा सकती। यह बात कलेक्टर श्रीकांत बनोठ ने अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सशक्तिकरण, महिला एवं बाल विकास तथा पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में कही। इस मौके पर अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कलाबाई कुण्डला, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्रीमती मीनाक्षीसिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती चेतना शर्मा, श्रीमती वीणा माहेश्वरी, शीतल भावसार, बाल कल्याण समिति के शैलेन्द्र जैन, जिला महिला बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी डी.एस. जादौन, महिला सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री नीलम चौहान सहित महिलाओं के कल्याण के लिए कार्य करने वाले विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मंचासीन थे।
समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री बनोठ ने कहा कि समाज में महिलाओं की 50 प्रतिशत भागीदारी है, किन्तु महिलाओं के सशक्तिकरण के अभाव में विकास की गति मंद है। हालांकि पहले की तुलना में वर्तमान में बहुत सुधार हुए हैं, किन्तु अभी भी सुधार की नितांत आवश्यकता है। महिलाओं के सशक्तिकरण में सबसे बड़ा बाधक पुरूष वर्ग है। पुरूषों को महिलाओं के विकास के लिए मानसिकता बदलने की जरूरत है। वित्तीय समावेशन में महिलाओं से बेहतर कोई अन्य नहीं कर सकता क्योंकि महिलाएं प्रत्येक व्यक्ति के बारे में सोचती हैं जबकि पुरूष स्वयं के बारे में ही सोचता है। उन्होने कहा कि बेटी को पढ़ाने से पूरा समाज शिक्षित होता है। एक बेटी को पढ़ाना एक स्कूल खोलने के बराबर है। महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए उनके मनोबल को बढ़ाना आवश्यक है। महिलाओं के विकास के बिना देश और समाज का विकास संभव नही है। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री चौहान ने कहा कि महिलाएं स्वयं को शक्तिशाली समझें अपने हक के लिए किसी पर निर्भर नही रहें। स्वयं की शक्ति पर भरोसा करें और आगे बढ़ें। महिलाओं को अपनी शक्ति का बोध होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस के लिए सभी दिन महिला दिवस के समान है। पुलिस हर समय महिलाओं के संरक्षण एवं सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है। अपर कलेक्टर श्रीमती मीनाक्षीसिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि महिला एवं पुरूष समाज में बराबर की संख्या में हैं तो फिर एक हिस्सा विकास से वंचित कैसे रह सकता है। उन्होंने कहा कि माताएं परिवार के साथ-साथ स्वयं का भी ध्यान रखें। पोष्टिक आहार लें और नवीन तकनीक को ग्रहण करते हुए सदैव नया सीखने का प्रयास करें।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित समारोह में बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा योग का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण शाजापुर की बालिकाओं ने आकर्षक दीप-योग, रोप एवं पोल मलखंब पर हैरतअंगेज योग का प्रदर्शन किया। बालिकाओं के प्रदर्शन को देख उपस्थितजनों ने दातों तले उंगली दबाई। सभी ने बालिकाओं का तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया। उल्लेखनीय है कि इन बालिकाओं ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली में 27 जनवरी 2018 को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर द्वितीय पुरस्कार अर्जित किया था। वहीं दिल्ली में ही 31 जनवरी 2018 को खेलों इंडिया कार्यक्रम में भी इन बालिकाओं ने प्रधानमंत्री के समक्ष प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। रोप एवं पोल मलखंब व दीप-योग में बालिका आकांक्षा यादव, कृतिका गवली, नेहा नायक, अंजली नायक, शिवानी जाटवा, चन्द्रिका मिथिला, श्रेया राठौर, भारती शर्मा, समृद्धि राठौर, अनुष्का नायक एवं साधना कछावा ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय अरनियाकलां की बालिकाओं ने भी सामूहिक योग का प्रदर्शन किया। हर्ष पब्लिक स्कूल लाहोरी की बालिकाओं ने सेफ गर्ल, छेड़छाड़ एवं 26/11 की घटना पर आधारित संगीत नाटिका प्रस्तुत की। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति ठाकुर, महिला सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री नीलम चौहान एवं अन्य महिला पुलिस अधिकारियों ने सामूहिक देशभक्ति गीत की आकर्षक प्रस्तुति दी।
महिलाओं का किया सम्मान
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित समारोह में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं का भी सम्मान किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में अपर कलेक्टर श्रीमती मीनाक्षीसिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति ठाकुर, महिला सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री नीलम चौहान, साहसी महिला सीमा बुआल, सामाजिक क्षेत्रों में कार्य करने वाली ग्रीष्मा शाह, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली बालिकाओं, बैंक सखी नगीना बी, सुश्री अर्चना मेहता, सुश्री दीपशिखा निगम शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन सुश्री नैना बिरथरे एवं आशुतोष जोशी ने किया।
नवकिरण महिला बुनकर सहकारी समिति के सदस्यों का सम्मान
जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती वंदना शर्मा ने अन्र्तराष्ट्रीय महिला दिवस पर शाजापुर की नवकिरण महिला बुनकर सहकारी समिति मर्यादित के सदस्यों का सम्मान किया। संस्था के कार्यालय पर महिला सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती वंदना शर्मा ने कहा कि हाथकरघा वस्त्र उद्योग से परम्परागत रूप से जुड़ी महिला सदस्यों को स्वरोजगार में संलग्न होने के लिए पूर्णत: सहयोग प्रदान करेंगे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें