सोमवार, 18 मार्च 2024

सत्य के मार्ग पर चलने वाले का होता है कल्याण-कथा वाचक

शाजापुर। सत्य के मार्ग पर चलने में भले ही कुछ कठिनाईयों का सामना करना पड़ता हो, लेकिन इस मार्ग पर अडिंग रहने वाले व्यक्ति का कल्याण अवश्य होता है, इसलिए जीवन में हमेशा सत्य के मार्ग पर चलते रहना चाहिए। भगवान भोलेनाथ का नाम उच्चारण करने से व्यक्ति को सारे संसार का वैभव प्राप्त होता है। जीवन में व्यक्ति का प्रभाव उसके कर्म से बढ़ता है, हमें जीवन में अच्छे कर्म करना चाहिए, क्योंकि जो व्यक्ति अभिमान करता है वह नष्ट हो जाता है।
यह बात ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में चल रही सात दिवसीय शिवपुराण कथा के दूसरे दिन सोमवार को राष्ट्रीय संत मुकेशानंद पुरी ने कही। उन्होने कहा कि अभिमान कभी नही करें, जीवन में दिए हुए दान पर कभी भी अपना नाम नहीं लिखवाना चाहिए। आप दान दे रहे हैं तो भगवान के नाम पर दान दें। दान ऐसा करना चाहिए कि एक हाथ से दूसरे हाथ को भी मालूम नहीं पड़े। उन्होने कहा कि भगवान को बस में करना है तो दिखावे की नही श्रद्धा से उनकी आराधना करो। उन्होने  कहा कि सत्य की साधना कष्टदायी हो सकती है, परंतु इसके फल के रूप में हमें भगवान ही प्राप्त होंगे और वह हमारे जीवन को आनंद-मंगल से भर देंगे। भगवान के मार्गदर्शन में जीवन अगर चलने लगा तो जीवन का हर मार्ग आनंद से भर जाएगा। उन्होने कहा कि शिव पुराण ऐसी कथा है जिसे सुनने, ग्रहण करने से मन को शांति मिलती है, जिस तरह से शरीर की गंदगी को मिटाने के लिए हम साबुन और पानी का इस्तेमाल करते हैं, ठीक उसी प्रकार मन को स्वच्छ करने के लिए अहंकार को खत्म कर भगवान की सच्चे मन से आराधना करनी पड़ेगी। कथा वाचक ने कहा कि मानव का सबसे बड़ा दुश्मन अहंकार है और इस अहंकार रूपी दुश्मन को खत्म करना है तो भागवत का रसपान करना ही होगा। कथा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरूष उपस्थित थे।
महादेव का हुआ श्रंगार
ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में शिव महापुराण कथा के साथ ही प्रतिदिन महादेव का मनोहारी श्रंगार किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को मंदिर पुजारी ओमप्रकाश गोस्वामी ने भोलेनाथ का भात से आकर्षक श्रंगार किया। पुजारी ने बताया कि कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से 6 बजे तक आयोजित की जा रही है। कथा विराम के बाद बाबा की महाआरती कर प्रसादी का वितरण किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें