शुक्रवार, 8 मार्च 2024

महिला दिवस पर हुए विभिन्न आयोजन, महिलाओं को किया जागरूक

शाजापुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संतोष टैगोर के निर्देश एवं प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी नीलम चौहान के मार्गदर्शन में शुक्रवार को महिला ग्रामसभाओं का आयोजन किया गया, जिसमें बाल विवाह रोकथाम अधिनियम 2006, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 और बेटी बचाओ, बेटी-पढ़ाओ विषय पर चर्चा की गई। इसी तारतम्य में ग्राम पंचायत नांदनी में पर्यवेक्षक ज्योति बामनिया की मौजूदगी में बाल विवाह रोकथाम तथा बालिका की उच्च शिक्षा पर चर्चा की गई। इसी तरह ग्राम पंचायत जेठड़ा में ललिता अहिरवार ने चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर 1098, महिला हेल्पलाइन 181, सायबर अपराध रोकथाम संबंधी टोलफ्री नंबर 1930 की जानकारी प्रदान की। वहीं ग्राम रानायाल में पर्यवेक्षक अफ्सा बी द्वारा पोषण स्वास्थ, महिला अधिकारों पर चर्चा की गई और सरपंच गोमाबाई, पंच आशाबाई, धरपल्सिंग ने महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए।
पर्यवेक्षक कौशल्या की उपस्थिति में ग्राम पंचायत बड़ोदिया में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत बालिका जन्मोत्सव, लिंग भेद समाप्त करने सम्बन्धी जानकारी प्रदान की गई। ग्राम पंचायत खोंखराकलां में पर्यवेक्षक ममता मनावत ने पीसी पीएनडीटी अधिनियम के बारे में बताया। इस दौरान सचिव भगवानसिंह मीणा, प्रियांशु गुप्ता भी उपस्थित रहे। जबकि ग्राम पंचायत खोरिया नायता में पर्यवेक्षक ममता सौराष्ट्रीय ने बालिका, महिलाओं के समग्र पोषण, स्वास्थ पर चर्चा करते हुए हिंसा मुक्त वातावरण बनाने की बात कही। कार्यक्रम में पांचूबाई राठौर, रामगिरी गोस्वामी, विकास पाटीदार, आगनवाड़ी कार्यकर्ता ज्योति मालवीय, मनोरमा सोलंकी शामिल हुईं। ग्राम झोंकर में आयोजित कार्यक्रम में सरपंच पारीबाई, सचिव लाखनसिंह, रोजगार सहायक संजय बागवान, प्रतिनिधि महेंद्र, कार्यकर्ता लक्ष्मी मालवीय, नीतू दांगी,  संगीता परिहार की मौजूदगी में कार्यक्रम किया गया जिसमें पर्यवेक्षक रंजना बामनिया ने घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2006 पर जानकारी दी। ग्राम मझानिया में पर्यवेक्षक प्रिया गोस्वामी ने महिलाओं को बेटी बचाओ,  बेटी-पढ़ाओ की शपथ दिलाई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें