शुक्रवार, 19 सितंबर 2025

वृद्धजनों की आवाज को सशक्त बनाने की थीम पर मनाया जाएगा वृद्धजन दिवस

शाजापुर। अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस 01 अक्टूबर 2025 को समावेशी भविष्य के लिए वृद्धजनों की आवाज को सशक्त बनाने, की थीम पर मनाया जाएगा। डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उप संचालक सामाजिक न्याय नेहा गंगारे ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी के महत्व पर जोर देते हुए समाज में वृद्धजनों की आवाज को सशक्त और सम्मानजनक बनाने, उनके सशक्तिकरण पर जोर देना है। इस संबंध में सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देशित किया गया है कि अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिले में संचालित वरिष्ठजन आश्रमों में निवासरत् वृद्धजनों को संस्था स्तर पर ही सम्मानित करें। संस्था में निवासरत् वृद्धजनों के लिए इन्डोर गेम केरम बोर्ड, लूडो, शतरंज, गीत और संगीत आदि का आयोजन करें। साथ ही वरिष्ठजनों की रूचि के अनुसार मोबाईल फोन, इंटरनेट और कम्प्यूटर के उपयोग करने के संबंध में कैंपो का आयोजन कर प्रशिक्षित कराएं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन तथा जिला अस्पतालों, सिविल डिस्पेन्सरी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के माध्यम से वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु कैंप आयोजित कराएं। माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का म.प्र. भरण पोषण तथा कल्याण अधिनियम 2007 तथा नियम 2009 में वरिष्ठजनांे के अधिकार के लिए निहित प्रावधानों की जानकारी वरिष्ठजनों को दें। 100 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठजनों को सम्मानित करें। वरिष्ठजनों के समग्र कल्याण, पुर्नवास के लिए जिला स्तर पर गठित जिला कमेटी की बैठक आयोजित कराने। जनरेशन गैप दूर करने के लिए विद्यालयीन-महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं और युवाओं के साथ विभिन्न प्रकार के कार्याक्रमों का आयोजन कराएं। वरिष्ठजनों की समस्याओं, निराकरण करने हेतु प्रदेश में संचालित एल्डर लाइन 14567 का प्रचार-प्रसार भी करें।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें