शाजापुर। शहर में आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। लेखनी और न्याय के देवता भगवान चित्रगुप्त जी अब अपने पूरे परिवार के साथ नगर में स्थायी रूप से विराजेंगे। कायस्थ समाज द्वारा आयोजित इस ऐतिहासिक और मंगलकारी अनुष्ठान का शुभारंभ शुक्रवार से होने जा रहा है, जो अगले तीन दिनों तक नगर को भक्तिमय बनाए रखेगा। लालपुरा स्थित कायस्थ समाज धर्मशाला में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्री चित्रगुप्त जी की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।
तीन दिनों तक बहेगी भक्ति की बयार
समाजजनों ने बताया कि उक्त आयोजन में शामिल होने के लिए प्रदेश भर से समाजजन और वरिष्ठ पदाधिकारी शाजापुर पहुंच रहे हैं। प्रथम दिवस महोत्सव का श्रीगणेश शुक्रवार सुबह 8.30 बजे लालपुरा स्थित धर्मशाला में भगवान श्री गणेश के पूजन के साथ होगा। इसके पश्चात सुबह 9.30 बजे एक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः धर्मशाला पहुंचेगी। इसी दिन सुबह 11.30 बजे अन्नाधिवास और दिनभर अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। द्वितीय दिवस सुबह 11.30 बजे विद्वान पंडितों द्वारा भगवान चित्रगुप्त, उनकी पत्नी देवी ऐरावती और माता दक्षिणा की प्रतिमाओं की विधि-विधान से स्थापना की जाएगी। इसी दिन शाम 4 बजे प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित होगा, जिसमें समाज का गौरव बढ़ाने वाली हस्तियों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। शाम 7 बजे सहभोज का आयोजन होगा। तृतीय दिवस रविवार को प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतिम दिन सुबह 11.30 बजे पूर्णाहूति होगी। दोपहर 12 से 2 बजे तक सहभोज के बाद, दोपहर 2.30 बजे भगवान चित्रगुप्त जी की सपरिवार विशाल शोभायात्रा नगर भ्रमण पर निकाली जाएगी। यह यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कायस्थ धर्मशाला पर समाप्त होगी। रात्रि 8 बजे भावसार समाज धर्मशाला में सहभोज के साथ इस भव्य समारोह का समापन होगा। समाज के वरिष्ठजनों ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर भगवान चित्रगुप्त का आशीर्वाद प्राप्त करें और पुण्य के भागी बनें।
00000000000000000000
नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 10 साल की सजा, खेत पर खाना देने जा रही किशोरी को नशीला पदार्थ खिलाकर बनाया था शिकार
शाजापुर। माता-पिता के लिए खेत पर खाना लेकर जा रही एक नाबालिग को नशीला पदार्थ खिलाकर हवस का शिकार बनाने वाले दरिंदे को कोर्ट ने उसके किए की सख्त सजा सुनाई है। शाजापुर की विशेष पॉक्सो अदालत ने फैसला सुनाते हुए आरोपी को 10 साल के कठोर कारावास और जुर्माने से दंडित किया है। कोर्ट ने किशोरी के भविष्य को देखते हुए उसके पुनर्वास के लिए प्रतिकर (मुआवजा) देने की भी अनुशंसा की है। जिला मीडिया सेल प्रभारी प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया कि घटना सुंदरसी थाना क्षेत्र की है। 17 नवंबर को पीडि़ता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कि वह अपने माता-पिता के लिए खेत पर खाना देने जा रही थी, तभी रास्ते में आरोपी विक्रम उर्फ विक्की मालवीय (22) निवासी जरखी मिला। आरोपी ने धोखे से उसे नशीला पदार्थ खिला दिया और जब वह विरोध करने की स्थिति में नहीं रही, तो उसे अपने घर ले गया। वहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
गवाहों और सबूतों से साबित हुआ जुर्म
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित विवेचना की और गवाहों के बयान दर्ज कर कोर्ट में चालान पेश किया। अभियोजन पक्ष की ओर से कोर्ट में 9 गवाह और 21 दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। न्यायालय ने साक्ष्यों पर भरोसा जताते हुए आरोपी विक्रम को दोषी करार दिया। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) ने आरोपी को अलग-अलग धाराओं में सजा सुनाई।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें