शाजापुर। भोलेनाथ शाही अंदाज में अपने दो स्वरूपों में भक्तों को दर्शन देकर धन्य करने उनके द्वार पहुंचे। नगर के दो शिवालयों से पालकी में विराजे देवों के देव महादेव जब नगर भ्रमण पर भक्तों को दर्शन देने निकले तो सारा नगर शिवमय हो गया। ओंकारेश्वर और सोमेश्वर महादेव की शाही सवारी का मार्ग में सभी जगह जमकर स्वागत हुआ। भादव मास के पहले सोमवार को भक्तों को दर्शन देने एक नहीं दो-दो महादेव नगर के विभिन मार्गों से गुजरे। भोले के दो स्वरूपों के दर्शन के लिए गलियों से लेकर सडक़ों तक पर भक्तों की भीड़ जमा हो गई थी। ओंकारेश्वर महादेव मंदिर से ग्वालियरके दयाल बैंड की भक्तिमय धुनों पर शाही सवारी नगर के धानमंडी से वजीरपुरा, भावसार मोहल्ला, लालपुरा, महादेव घाट, मगरिया चौराहा से सोमवारिया बाजार, आजाद चौक, किलारोड़ होते हुए देररात मंदिर पहुंची। जहां बाबा की महाआरती कर प्रसादी का वितरण किया गया। इसी प्रकार कायथा के डायमंड बैन्ड की धुनों पर सोमेश्वर महादेव मंदिर से निकलने वाली शाही सवारी सोमवारिया से लालपुरा, मगरिया, सोमवारिया बाजार, आजाद चौक, किला रोड, धान मंडी, वजीरपुरा होते हुए मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
जगह-जगह हुई पूजा...
दोनों सवारी मार्ग पर बड़ी संख्या में भक्तों का हुजूम उमड़ा हुआ था। इस दौरान भक्तों ने महादेव की पूजा-अर्चना कर मंगलकामनाएं की। सवारी के पूर्व ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में भोले बाबा की पूजा की गई, जिसके बाद रथ में सवार होकर महादेव भक्तों के हालचाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकले। महादेव की शाही सवारी का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
महादेव के दो स्वरूपों की शाही सवारी में जहां भक्त भोले के दर्र्शन कर मदमस्त हुए चले जा रहे थे। वहीं नगर के लोगों के लिए सवारी में शामिल आकर्षक झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। महादेव की सवारी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और स्वतंत्रता दिवस पर आधारित झांकी आकर्षण का केंद्र रही।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें