शाजापुर। जिला प्रशासन द्वारा लोगों की सेहत बनाने के लिए शाजापुर जिला मुख्यालय पर प्रति रविवार सुबह 7 बजे से 9 बजे तक विभिन्न गतिविधियां संचालित करने की अनूठी पहल की जा रही है। इस संबंध में अपर कलेक्टर श्रीमती मीनाक्षी सिंह ने बताया कि प्रति रविवार जिला मुख्यालय स्थित धोबी चौराहे से महूपुरा चौराहे तक प्रात: 6 बजे से 9 बजे तक नो-व्हीकल झोन बनाकर सेहत बनाने हेतु विभिन्न व्यायाम आदि कराए जाएंगे। श्रीमती सिंह ने बताया कि 3 दिसम्बर रविवार के दिन स्थानीय एव्हरग्रीन सीटीहार्ट हेल्थ क्लब के प्रोपराईटर मकबूल वारसी एवं सदस्यों द्वारा उपस्थितजनों को एरोबिक्स, रस्सी कूद, वेटलिफ्टींग, साईक्लिंग आदि कराई जाएगी। वहीं गायत्री परिवार द्वारा योगाभ्यास कराया जाएगा। साथ ही अंकुरित अनाज एवं विभिन्न प्रकार के ज्यूस आदि के लिए स्टॉल भी लगाए जाएंगे। नटराज डांस क्लासेस द्वारा जुम्बा कराया जाएगा। अपर कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सभी लोगों से अनुरोध किया है कि वे इस आयोजन में अवश्य आएं। इस स्थल को प्रदूषण मुक्त एवं यातायात मुक्त रखा गया है। यहां बच्चे एवं महिलाएं रस्सी कूद साईक्लिंग आदि कर सकती हैं। इस दौरान स्लो साईकिल रेस, रस्सी कूद प्रतियोगिता भी होगी। इसीके साथ ही एक खुला मंच भी रहेगा, जिस पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन भी किया जा सकेगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए कुर्सी दौड़ को भी शामिल किया गया है।
००००००००००००००००००००
प्रतिभा पर्व 5,6 व 7 दिसम्बर को
शाजापुर। जिले के समस्त शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी अगामी 5, 6 व 7 दिसम्बर को प्रतिभा पर्व का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत शालेय व्यवस्था संचालन की स्थिति और बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों का जायजा लिया जाएगा, ताकि सुधार हेतु प्रयास किए जा सकें। जिला परियोजना समन्वयक आर.एस. शिप्रे ने बताया कि जिला, विकासखण्ड, जनशिक्षा केन्द्र एवं शाला स्तर पर उन्मुखीकरण किया जा रहा है। कक्षा 1 से 5 व 6 से 7 का मूल्यांकन शाला स्तर पर किया जाएगा एवं कक्षा 8वीं का मूल्यांकन निर्धारित मूल्यांकन केन्द्र स्तर पर किया जाएगा। प्रतिभा पर्व 2017-18 में 03 दिवस तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें मूल्यांकन, बालसभा का आयोजन व बच्चों को सम्मानित करना शामिल है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और बच्चों के पालकों को प्रतिभा पर्व के तीसरे दिन आवश्यक रूप में बुलाया जाएगा। शिक्षकों के लिए प्रतिभा-पर्व के दौरान किसी भी प्रकार का कोई अवकाश मान्य नही होगा। शालाओं में शतप्रतिशत बच्चों की उपस्थिति एवं शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित होगी। प्रतिभा पर्व के बच्चों, पालकों की शत प्रतिशत उपस्थिति के लिए गांव में डोंडी पिटवाई जाएगी एवं स्थानीय स्तर पर अभिभावकों एवं जन प्रतिनिधियों से सम्पर्क किया जाएगा।
००००००००००००००००
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें