शाजापुर। विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने भी मंथन करना शुरू कर दिया है और इसीके चलते कार्यकर्ताओं से चर्चा कर विधानसभा में योग्य उम्मीदवारों के साथ बूथ लेवल पर चुनावी रणनीति को लेकर रायशुमारी प्रारंभ हो गई है। इसी तारतम्य में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी संजय कपूर शाजापुर पहुंचे और पार्टी पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। वहीं इस दौरान कांग्रेस गुटबाजी के चलते तीन अलग-अलग खेमें में बटी हुई नजर आई और हर गुट के कार्यकर्ता अपने नेता को विधायक उम्मीदवार के रूप में योग्य बताते हुए नारेबाजी करते दिखाई दिए। बुधवार को सुबह करीब 11.30 बजे कांग्रेस के सह प्रभारी श्री कपूर स्थानीय नगरपालिका परिसर स्थित मांगलिक भवन पहुंचे जहां पर उन्होने कांग्रेस पदाधिकारियों से चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा की। इस मौके पर पूर्व विधायक हुकूमसिंह कराड़ा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामवीरसिंह सिकरवार और युवक कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नरेश कप्तान अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते रहे। समर्थकों ने अपने चहेते नेताओं की शान में कसीदे पढ़े और विधायक का टिकट दिए जाने की मांग की। सह प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को शांत किया और उनकी बात हाईकमान तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर श्री कपूर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आपकी ही तरह कांग्रेस पार्टी का एक सिपाही हूं। मैं यहां किसी को आदेश देने नही आया, बल्कि सहयोग और समर्थन करने के लिए आया हूं। उन्होने कहा कि सभी कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठित रहें।
गुटबाजी नही, लोकतंत्र है
विधानसभा चुनाव में विधायक के टिकट को लेकर कांग्रेस के नेता तीन अलग-अलग गुटों में विभाजित नजर आए। वहीं इस गुटबाजी को लेकर जब कांग्रेस सह प्रभारी कपूर से चर्चा की गई तो उनका कहना था कि कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार देती है। कार्यकर्ताओं के इस जुनून को गुटबाजी नही बल्कि लोकतंत्र कहा जाएगा। उन्होने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की विजय निश्चित है और इसीको लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह और जुनून दिखाई दे रहा है। प्रदेश की जनता 14 वर्ष का वनवास काट चुकी है और अब वह इससे मुक्ति चाहती है। कपूर ने कहा कि विधानसभा के साथ ही 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी की जीत होगी। बैठक के दौरान मनोज राजानी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष बाबू खान खरखरे, क्षितिज भट्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कप्तान ने किया शक्ति प्रदर्शन
गौरतलब है कि कांग्रेस के दो बड़े नेताओं में गुटबाजी लंबे समय से देखने को मिल रही है। ऐसे में कांग्रेस के सक्रिय नेता कहे जाने वाले नरेश कप्तान को इस बार विधानसभा चुनाव में मौका मिले जाने की प्रबल उम्मीद जताई जा रही है। क्योंकि शहर की जनता का भी यही मानना है कि कांग्रेस पार्टी को शहर में जीवित रखने में कप्तान अहम भूमिका निभाते हैं। बुधवार को कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी कपूर के समक्ष कप्तान ने शक्ति प्रदर्शन किया। इस मौके पर समर्थकों ने हमारा विधायक कैसा हो, नरेश कप्तान जैसा हो... के नारे भी लगाए। कप्तान ने विधायक टिकट के लिए दावेदारी की। इस दौरान झंडे लहराने समय एक कार्यकर्ता सिर में चोंट लगने से घायल भी हो गया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें