शुक्रवार, 8 मार्च 2024

महाशिवरात्रि पर सजे शिवालय, सुबह से लेकर रात तक मंदिरों में लगा रहा

शाजापुर। नगर सहित जिलेभर के शिवालयों में शिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। शुक्रवार को शिवरात्रि के महासंयोग पर मंदिरों में अल सुबह से ही शिव के उद्घोष गूंजने लगे और पूरा नगर शिवमय हो गया। बढ़ी संख्या में शिव भक्त अपनी कामनाओं को लेकर भोले के दरबार में सुबह से देर शाम तक माथा टेकते देखे गए। उल्लेखनीय है कि महा शिवरात्रि के चलते शहर के शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगने लगा था, वहीं दिनभर धार्मिक आयोजनों का दौर भी चलता रहा। कहीं महाप्रसादी का वितरण किया गया तो कहीं महाअभिषेक का आयोजन हुआ। इन आयोजनों में शिवभक्तों ने बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। धानमंडी चौराहा स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में शिव विवाह का आयोजन किया गया। इस मौके पर शिवशक्ति की फेरे लेते हुई झांकी प्रमुख आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर पुजारी ओमप्रकाश गोस्वामी ने बताया कि मंदिर में बाबा का अभिषेक किया गया और शाम को आकर्षक श्रंगार किया गया। साथ ही भक्तों को बाबा के मुखौटा दर्शन भी कराए गए।
शिवमय हुआ शहर
नगर के प्रमुख ओंकारेश्वर महादेव मंदिर, मंगलनाथ महादेव सहित अन्य मंदिरों में शिवरात्रि पर्व को लेकर विशेष आयोजन किए गए। यहां सुबह से लेकर देर शाम तक धार्मिक आयोजन हुए जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। धान मंडी चौराहा स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में भोलेनाथ का आशीर्वाद पाने के लिए भक्तों को भीड़ अधिक होने की वजह से कतार में लगना पड़ा। इस दौरान मंदिर में चल रहे भजनों पर शिव भक्त जमकर थिरके। साथ ही भोले के दर्शन करने आए भक्तों को फलाहारी खिचड़ी की प्रसादी का वितरण किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें