रविवार, 26 अक्टूबर 2025

लाड़ली बहना को ठग रही भाजपा सरकार, 3 हजार का वादा कर दिए जा रहे 1250- जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष के लिए नगर में हुई रायशुमारी

शाजापुर। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष के लिए शनिवार को जिला मुख्यालय पर रायशुमारी के लिए कांग्रेस की महासचिव व संगठन सृजन अभियान प्रभारी संतोष कंसाना शाजापुर पहुंची। जहां उन्होंने महिलाओं से चर्चा की। उन्होंने इस दौरान भाजपा सरकार पर निशाना साधा। 
श्रीमती कंसाना ने कहा कि प्रदेश सरकार लाड़ली बहना योजना के तहत बहनों का शोषण कर रही है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने बहनों से 3000 रुपए देने का वादा किया था और केवल 1250 रुपए ही दिए जा रहे हैं। उन्होंने युवा बेरोजगारी, समय पर भर्ती न होने और महिला अपराधों में वृद्धि का भी जिक्र किया। महासचिव ने महिलाओं से कहा कि कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान करने और महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव रामवीरसिंह सिकरवार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश्वरप्रताप सिंह, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैलाश मटोलिया, पार्षद गीता बाई, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शकुंतला चौहान, पूर्व महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष स्मिता सोलंकी, रामकन्या बाई, संजीव त्रिवेदी, मनोरमा चावड़ा, पुष्पा कुंदन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। 
महिलाओं ने पेश की दावेदारी
इस दौरान कई महिलाओं ने जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत की ओर आवेदन दिए। जिसमें उनका अनुभव व पार्टी के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया गया। फिलहाल कांग्रेस महासचिव ने सभी से चर्चा की। आगामी दिनों में इसके लिए फैसला होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें